सेवापुरी में खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को जागरूक किया गया
वाराणसी: भारत सरकार द्वारा संचालित "खेत बचाओ अभियान" के अंतर्गत सेवापुरी ब्लॉक के लेदुवई गांव में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में किसानों को रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के कम उपयोग के साथ-साथ जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में भाकृअनुप-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. के.के. पाण्डेय, डॉ. विद्या सागर, डॉ. मनीष पाण्डेय (कृषि विज्ञान केंद्र, वाराणसी) एवं कृषि विभाग के अमित सिंह उपस्थित थे। उन्होंने मिट्टी के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए नीम, सागौन, बेल, जामुन आदि के पौधे वितरित किए गए।
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान ने ट्राइकोडर्मा, एनपीके कंसोर्टिया सहित जैविक कृषि उत्पादों का वितरण किया। उपस्थित किसानों ने जैविक खेती को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।