logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहगंज में तीन दिवसीय समर कैंप परिवर्तन 4.0 का शुभारंभ, बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर जोर

शाहगंज में तीन दिवसीय समर कैंप ‘परिवर्तन 4.0’ का शुभारंभ, बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर जोर
Writing
शाहगंज, जौनपुर। जेसीआई शाहगंज सिटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप ‘परिवर्तन 4.0’ का शुभारंभ गुरुवार को होटल शाहगंज पैलेस में हुआ। 4 से 6 जून तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संचार कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक एवं जेसीआई इंडिया की राष्ट्रीय प्रशिक्षक जेसी शालिनी बर्मन ने बच्चों को व्यक्तित्व विकास, सार्वजनिक भाषण, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष गौरव सेठ ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में बच्चों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी संवाद कौशल का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जेसीआई शाहगंज सिटी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के भविष्य निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास बताया।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष गीता जायसवाल ने बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
कार्यक्रम में जेसीआई शाहगंज सिटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजकुमार मिश्रा ने भी बच्चों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समर कैंप के दौरान व्यक्तित्व विकास सत्र, पब्लिक स्पीकिंग, डांस एवं म्यूजिक, फन गेम्स, टैलेंट शो, टीम बिल्डिंग तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सेठ ने किया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष जेएफएम विवेक सोनी, सचिव जेसी वीरेंद्र जायसवाल सहित जेसीआई के पदाधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

0
0 views

Comment