पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार परेड की सलामी ली, बलवा नियंत्रण मॉक ड्रिल का किया निरीक्षण
जालौन, संवाददाता पंकज गुप्ता। पुलिस अधीक्षक जालौन ने शुक्रवार को पुलिस लाइन उरई में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की अनुशासन, वर्दी, शारीरिक दक्षता एवं कार्यकुशलता का जायजा लिया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर में कराई गई बलवा नियंत्रण (रायट कंट्रोल) मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस बल द्वारा किए गए अभ्यास, उपकरणों के उपयोग एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारीगण का अर्दली रूम कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसामान्य के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।