विश्व पर्यावरण दिवस पर एसएसबी फाउंडेशन का सराहनीय पहल
बोकारो, 5 जून 2026: विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर एसएसबी फाउंडेशन द्वारा बीपीसीएल, राधानगर परिसर में एक विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एसएसबी फाउंडेशन की ओर से बीपीसीएल राधानगर के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर एसएसबी फाउंडेशन के निदेशक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।
कार्यक्रम में एसएसबी पब्लिक स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती आरती देवी, शिक्षिका नीतू देवी,लवली कुमारी, पायल कुमारी एवं निशा कुमारी तथा विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने बीपीसीएल के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को पौधे भेंट कर विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
विद्यालय के बच्चों एवं ग्रामीण बच्चों ने भी पर्यावरण जागरूकता से संबंधित संदेश प्रस्तुत किए। उपस्थित लोगों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बीपीसीएल के अधिकारीगण, प्रतिनिधि, ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने एसएसबी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों की सराहना की।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि "एक व्यक्ति – एक पौधा" अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित पर्यावरण का निर्माण किया जाएगा। एसएसबी फाउंडेशन ने भी भविष्य में ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।