पलामू: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा
मेदिनीनगर (पलामू): जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए समाहरणालय सभाकक्ष में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम के दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
उपायुक्त श्री शेखावत ने बताया कि 20 जून 2026 से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी और 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस दौरान बी.एल.ओ. घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, जिसमें मतदाताओं को अपने अद्यतन फोटोग्राफ के साथ हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लगाकर प्रपत्र वापस देना होगा। जो मतदाता प्रपत्र वापस करेंगे, उनका नाम प्रारूप सूची में यथावत रहेगा, जबकि जिनका मैपिंग कार्य पूरा नहीं होगा, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आवश्यक दस्तावेज न देने या प्रपत्र वापस न करने पर मतदाता का नाम सूची से हटाया जा सकता है। बी.एल.ओ. की भूमिका इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण रहेगी। राजनीतिक दलों को बी.एल.ए.-2 की नियुक्ति एवं विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में प्रमोद कुमार, गणेश महतो, बिमला कुमारी, धनंजय पासवान और भाजपा के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।