logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पंचकूला में गैंगस्टरों का शुटआउट: पुलिस मुठभेड़ में रोहित गोदारा गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

पंचकूला, 4 जून। पंचकूला में देर रात पुलिस और गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ में रोहित गोदारा गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित रतन लुबाना के घर के बाहर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार में सवार होकर फरार हो रहे थे। पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर उनका पीछा किया। इस दौरान सेक्टर-26 के पास पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया।

पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों शूटर घायल हो गए। घायल बदमाशों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित गोदारा गैंग से जुड़े शूटरों के रूप में हुई है। इनके कब्जे से लगभग 18 जिंदा कारतूस, हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रतन लुबाना के घर के बाहर फायरिंग की घटना में शामिल थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात के पीछे क्या मकसद था तथा गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका क्या रही।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

#PanchkulaShootout #PanchkulaPolice #RohitGodaraGang #GangsterEncounter #CrimeNews #HaryanaNews #Panchkula #samacharsansarnews24

0
0 views

Comment