logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सिंगरौली: शराब के बाद अब रेत को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, ठेका कंपनी कर्मियों के साथ मारपीट।

सिंगरौली: शराब के बाद अब रेत को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, ठेका कंपनी कर्मियों के साथ मारपीट।

आधा दर्जन युवकों ने वाहनों में तोड़फोड़ करने के बाद दी जान से मारने की धमकी देवसर का मामला।

युवकों द्वारा तोड़ा गया रेत कंपनी के वाहन का शीशा।



सिंगरौली: विगत दिनों हुए शराब तस्करी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष का मामला अभी शांत भी नहीं हो पाया था कि सोमवार की रात को रेत को लेकर जमकर विवाद हुआ। जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं, घटना जियावन थाना क्षेत्र के जोगिनी के पास की बताई जा रही है। पुलिस की मानें तो ठेका कंपनी सहकार ग्लोबल की उड़नदस्ता टीम ने रात में एक ट्रिपर वाहन नंबर एमपी 66 जेडजे 0223 को रोककर टीपी की जांच की तो पता चला कि वाहन चालक बगैर टीपी के अवैध रूप से रेत लेकर जा रहा था। वाहन की जांच के दौरान थार, स्कॉर्पियो और कार में सवार होकर आए युवकों ने ठेका कंपनी के सुशील कुमार मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा और पारस यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी, जिससे तीनों लोगों को गंभीर चोट पहुंची है। वहीं तत्वों ने बोलेरो जीप नंबर एमपी 18 जेडडी 0916 में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

हॉकी, बेसबॉल से लैस थे आरोपी।

बताया जा रहा है कि ठेका कंपनी के कर्मचारियों की घेराबंदी कर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें प्रांशू पाठक, सुमित पाठक दोनों निवासी मजौना, सुशांत पाठक निवासी सुपेला, अनुपम द्विवेदी निवासी छीवा और नरेंद्र पाठक व उनके गुर्गे शामिल होना बताए जा रहे हैं। जियावन थाना पुलिस ने इन पांचों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में पुलिस द्वारा लेटलतीफी की गई। घटना रात 10 बजे हुई और पुलिस ने एफआईआर मंगलवार शाम 6 बजे के करीब लिखी। आरोपी तीन अलग-अलग वाहनों में सवार होकर आए थे, जिसमें एक वाहन नंबर एमपी 66 जेडबी 6161 थार, एमपी 19 जेडजी 1017 व एक कार शामिल थी।

मजौना व आसपास की खदानों से करते हैं चोरी

बताया जा रहा है कि जिन लोगों द्वारा रेत ठेका कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, उनके द्वारा देवसर क्षेत्र की मजौना और अन्य रेत खदानों से रेत की चोरी की जाती है। कंपनी द्वारा पूर्व में भी रेत चोरी की शिकायतें पुलिस और खनिज विभाग से की गई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात जिस ट्रिपर वाहन से रेत ले जाई जा रही थी, वह चोरी की थी। आरोपियों द्वारा पूर्व में खुटार क्षेत्र में भी ठेका कंपनी कर्मियों के साथ मारपीट की गई थी। जियावन एसडीओपी गायत्री तिवारी ने बताया कि मारपीट कर वाहन में तोड़फोड़ करने वाले पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

2
223 views

Comment