logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ब्रेकिंग न्यूज़ तीन महीने पहले हुई शादी का खौफनाक अंत, बंद कमरे में फंदे से लटकता मिला पति-पत्नी का शव

हाजीपुर/बिदुपुर। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माईल गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहित पति-पत्नी का शव उनके बंद कमरे में फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान माईल गांव (मकड़ी चौक) निवासी बैजनाथ चौरसिया के 26 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और उसकी 21 वर्षीय पत्नी उर्मिला कुमारी के रूप में हुई है। उर्मिला बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुत्तुबपुर सैदपुर निवासी रेखा भगत की पुत्री बताई गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी करीब तीन महीने पहले ही धूमधाम से हुई थी।
परिजनों ने बताया कि रोज की तरह दोनों रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। पति-पत्नी दोनों एक ही फंदे से झूलते मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर बिदुपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद मृतक दंपति के दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों के बीच भी इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर शादी के इतने कम समय में ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।

5
769 views

Comment