ब्रेकिंग न्यूज़
मातृछाया नर्सिंग होम पर गंभीर आरोप, कोर्ट के आदेश पर संचालिका डॉ. नमिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
नगर थाना क्षेत्र के नवीन सिनेमा रोड स्थित मातृछाया नर्सिंग होम एक बार फिर विवादों में घिर गया है। प्रसव के दौरान एक नवनियुक्त शिक्षिका पुष्पा कुमारी की मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर नर्सिंग होम की संचालिका डॉ. कुमारी नमिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज कांड संख्या 420/26 ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के पिता मोहन चौधरी द्वारा दायर परिवाद में आरोप लगाया गया है कि प्रसव के दौरान मरीज की स्थिति बिगड़ने के बावजूद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर नहीं किया गया। परिजनों का दावा है कि महात्मा गांधी सेतु पर भारी जाम का हवाला देकर उन्हें डराया गया और नर्सिंग होम में ही ऑपरेशन कराने का दबाव बनाया गया।
-चिकित्सकीय लापरवाही को छिपाने के उद्देश्य से बिना अनुमति मरीज की बच्चेदानी निकाल दी
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि ऑपरेशन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर चिकित्सकीय लापरवाही को छिपाने के उद्देश्य से बिना अनुमति मरीज की बच्चेदानी निकाल दी गई। इसके बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर मृतका के पिता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद बीएनएसएस की धारा 175(3) के तहत न्यायालय के निर्देश पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई अविनाश कुमार वर्मा को सौंपी गई है, जो नर्सिंग होम के दस्तावेजों तथा पटना के अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट की जांच कर रहे हैं।