सुप्रीम कोर्ट को मिले 5 नए न्यायाधीश, केंद्र सरकार ने नियुक्ति को दी मंजूरी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पांच नए न्यायाधीशों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। कानून मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, न्यायमूर्ति शील नागू, न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर, न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, न्यायमूर्ति अरुण पल्ली तथा वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है
नियुक्ति के बाद सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 हो जाएगी, जो हाल ही में बढ़ाई गई 38 की स्वीकृत संख्या से केवल एक कम है। इन नामों की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 27 मई को की थी, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी। नवनियुक्त न्यायाधीशों में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू, बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली तथा सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना शामिल हैं। सरकार ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 की थी, जिसके बाद यह नियुक्तियां की गई हैं। माना जा रहा है कि इससे शीर्ष अदालत में लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी।