खजुरी पाण्डु पंचायत में अमीन प्रशिक्षण के लिए नामांकन शुरू
नवीनगर/कुटुंबा (औरंगाबाद) : खजुरी पाण्डु पंचायत में एच.जी. फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण युवाओं को भूमि सर्वेक्षण एवं राजस्व कार्यों की जानकारी देने हेतु अमीन प्रशिक्षण कार्यक्रम के नामांकन शुरू कर दिए गए हैं। प्रत्येक वार्ड से चार-चार इच्छुक लोगों का चयन किया जाएगा। नामांकन की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है।
यह प्रशिक्षण पंचायत स्तर पर आयोजित होगा, जिससे ग्रामीण युवाओं को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रशिक्षण में भूमि मापी, सर्वेक्षण, नक्शा एवं खेसरा समझ, राजस्व अभिलेखों का अध्ययन तथा संबंधित सरकारी नियमों की जानकारी दी जाएगी। एच.जी. फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रशिक्षण से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और वे अपने क्षेत्र में भूमि संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता कर सकेंगे। पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को नामांकन कराने की अपील की है।