विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
जामताड़ा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकार मित्र अमित कुमार सिंह एवं यदुनाथ सिंह के नेतृत्व में नाला प्रखंड अंतर्गत कुसुमदाहा नामू पाड़ा में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीणों को तंबाकू और नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं शारीरिक नुकसान के विषय में विस्तार से बताया गया। शिविर में कोटपा अधिनियम 2003 के तहत कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को अपराध बताया गया।
अधिकार मित्र अमित कुमार सिंह ने ग्रामीणों से नालसा के राष्ट्रीय निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क करने की अपील की। यदुनाथ सिंह ने 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने तथा शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू की दुकानों के प्रतिबंध की जानकारी दी। शिविर में पुरुष, महिलाएं और युवा सक्रिय रूप से शामिल हुए और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। अंत में विधिक साक्षरता से संबंधित पैम्पलेट एवं प्रचार सामग्रियों का वितरण भी किया गया।