मोरवा विस्थापन एवं शहर विकास को लेकर संभागीय आयुक्त और कलेक्टर पहुंचे मोरवा.
सिंगरौली। मोरवा विस्थापन एवं शहर विकास को लेकर आज संभागीय आयुक्त बी. जामोद और सिंगरौली कलेक्टर गौरव वैनल अपने दलबल के साथ मोरवा क्षेत्र पहुंचे। अधिकारियों ने एनसीएल की जयंत एवं दुधीचुआ खदान के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आबादी और खदान क्षेत्र के बीच की दूरी का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर ने मोरवा क्षेत्र के संभावित विस्थापन और शहर विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने एनसीएल के संबंधित अधिकारियों से मौके पर चर्चा की तथा बाद में एनसीएल मुख्यालय पहुंचकर विस्तृत बैठक भी की।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका निगम सिंगरौली के कमिश्नर, एसडीएम सुरेश जाधव, तहसीलदार, नगर निगम के उपायुक्त आरपी बैस, मोरवा जोन प्रभारी रणबहादुर सिंह, कार्यकारी एसडीओ अभयराज सिंह, मेढ़ौली हल्का पटवारी गोविंद चौरसिया, पजरेह हल्का पटवारी भूपेंद्र सिंह सहित एनसीएल और जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
चर्चा के दौरान मोरवा क्षेत्र के विस्थापित परिवारों को प्रस्तावित पुनर्वास एवं विस्थापन स्थलों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर भी मंथन किया गया। हालांकि स्थानीय स्तर पर यह चर्चा रही कि प्रशासन और एनसीएल अधिकारियों का दौरा मुख्य रूप से बैठक तक ही सीमित रहा और पुनर्वास स्थलों पर सुविधाओं के जमीनी निरीक्षण की अपेक्षा पूरी नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोरवा विस्थापन का मुद्दा लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख समस्या बना हुआ है और प्रभावित परिवार बेहतर पुनर्वास, मूलभूत सुविधाओं तथा स्पष्ट नीति की मांग कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारियों के इस दौरे को आगामी कार्ययोजना और विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।