पुत्र के लापता होने से परिजन परेशान, लोगों से मदद की अपील
रिपोर्ट : जयदीप कुमार सिन्हा
4 से 4:30 बजे के बीच बरही में अंतिम बार देखा गया, बड़े भाई ने 8202540366 नंबर जारी कर सहयोग की लगाई गुहार
बरही : दुलमहा पंचायत अंतर्गत बुढीडीह निवासी राजू यादव का 19 वर्षीय पुत्र बीते 27 मई की रात से लापता है। युवक के अचानक गायब हो जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। बड़े भाई रूपेश यादव ने बताया कि 27 मई की रात करीब 1 बजे तक उसका छोटा भाई घर में सो रहा था। तड़के करीब 2.30 बजे मां की नींद खुली तो वह घर से गायब मिला। इसके बाद परिजनों ने गांव, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। सीसीटीवी फुटेज से जानकारी मिली है कि युवक को सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच बरही में था। इसके बाद से उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिजनों के अनुसार, किसी बात को लेकर मां ने उसे डांट दिया था, जिससे नाराज होकर वह घर छोड़कर चला गया। वह अपने साथ बैग और कुछ कपड़े भी ले गया है। लापता युवक का रंग सांवला, शरीर पतला-दुबला और लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच है। मां रीना देवी ने बरही थाना में सनहा दर्ज कराया है। पिता तमिलनाडु में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। भाई की तलाश में रूपेश ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील करते हुए कहा है कि युवक के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर मोबाइल नंबर 8202540366 पर अवश्य जानकारी दें।