बरही में मौसम का अचानक बदला मिजाज, दिन में छाया रात जैसा अंधेरा
रिपोर्ट : जयदीप कुमार सिन्हा
तेज आंधी, गरज और एक घंटे की जोरदार बारिश से भीषण गर्मी से मिली राहत
बरही : शुक्रवार की सुबह बरही में मौसम ने अचानक ऐसा करवट लिया कि सुबह 8 बजे का नजारा रात 8 बजे जैसा दिखाई देने लगा। आसमान में घने काले बादल छा जाने से चारों ओर अंधेरा पसर गया। हालात ऐसे हो गए कि सड़क से गुजरने वाले वाहनों को दिन में ही अपनी बत्तियां जलानी पड़ीं।
तेज आंधी और बारिश के कारण कुछ देर के लिए जनजीवन भी प्रभावित रहा। आंधी की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। इसके बाद बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच जोरदार बारिश शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक लगातार होती रही।
बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम पूरी तरह खुशगवार हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह के समय ही मौसम में आए इस बदलाव को देखने के लिए लोग घरों और दुकानों के बाहर निकल आए। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक महसूस की गई। किसानों ने भी इस बारिश को फसलों के लिए लाभकारी बताया है। वहीं बच्चों और युवाओं ने भी सुहावने मौसम का आनंद लिया।