logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

साइबर सेल ने 3 साल पहले खोया मोबाइल लौटाया, 25 फोन बरामद कर लोगों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

इस साल अब तक 70 मोबाइल रिकवर, डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने साइबर टीम की मेहनत को सराहा

पंचकूला, 29 मई: पंचकूला पुलिस की साइबर सेल टीम ने आधुनिक तकनीक और लगातार प्रयासों के दम पर गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। बीते एक महीने के दौरान साइबर सेल ने 25 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे। मोबाइल मिलने पर लोगों ने सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर डीसीपी सृष्टि गुप्ता से मुलाकात की और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।



इस दौरान डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने साइबर सेल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने साइबर सेल इंचार्ज रामू स्वामी और सिपाही पवन की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी तकनीकी समझ और मेहनत के चलते मोबाइलों को ट्रैक कर सही मालिकों तक पहुंचाना संभव हो पाया। पंचकूला पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी है और वर्ष 2026 में अब तक कुल 70 मोबाइल फोन रिकवर किए जा चुके हैं।



3 साल बाद मिला मोबाइल, भावुक हुई मानशिका



पंचकूला निवासी मानशिका ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पहले सेक्टर-21 मार्केट में उनका मोबाइल फोन गुम हो गया था। काफी तलाश के बावजूद मोबाइल नहीं मिला, लेकिन उन्हें साइबर सेल पर भरोसा था। हाल ही में साइबर सेल के सिपाही पवन का फोन आया कि उनका मोबाइल बरामद हो गया है। तीन साल बाद अपना मोबाइल वापस मिलना उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था। उन्होंने पंचकूला पुलिस और साइबर सेल टीम का दिल से धन्यवाद किया।



CEIR पोर्टल पर ऐसे करें शिकायत



अगर आपका मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए तो सबसे पहले नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं और FIR की कॉपी सुरक्षित रखें। इसके बाद भारत सरकार के CEIR पोर्टल ceir.gov.in पर जाकर “Block Your Lost/Stolen Mobile” विकल्प चुनें।



फॉर्म में मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, मोबाइल का ब्रांड और मॉडल, खोने का स्थान और तारीख, FIR नंबर सहित जरूरी जानकारी भरें। इसके साथ मोबाइल की खरीद रसीद और FIR की कॉपी अपलोड करें। आवेदन सबमिट करने के बाद आपको एक Request ID मिलेगी, जिसकी मदद से आप अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं।



#samacharsansarnews24 #PanchkulaPolice #CyberCell #MobileRecovery #DCPShrishtiGupta #CEIR #PanchkulaNews #हरखबरपरपैनीनजर

5
952 views

Comment