logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव: भाजपा प्रत्याशी सचिन बाढला के नामांकन में पहुंचे महापौर दीपक बाली

काशीपुर। नगर पंचायत गढ़ीनेगी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना राजनीतिक दमखम दिखाया। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सचिन बाढला के नामांकन कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से काशीपुर के महापौर दीपक बाली शामिल हुए और उन्होंने प्रत्याशी को शुभकामनाएँ देते हुए भाजपा की जीत का दावा किया।
नामांकन से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और जनता भाजपा सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि गढ़ीनेगी क्षेत्र में भी विकास की नई सोच और जनहित की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशी सचिन बाढला को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गढ़ीनेगी की जनता विकास के पक्ष में मतदान कर भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।
भाजपा प्रत्याशी सचिन बाढला ने भी क्षेत्र की जनता, पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो वे क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, सफाई, पेयजल और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी, मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुम्बर, जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला, मनोज बाठला, मनीष चावला, पंकज छावड़ा, पंडित मेलाराम शर्मा, विनोद सुधा, सुधीर बाठला, विनोद चावला, माधव ढींगरा, दीपक, राजन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल और राजनीतिक सक्रियता साफ तौर पर देखने को मिली।

20
1273 views

Comment