गौकशी के वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार
गौकशी के वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार
फतेहपुर। जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गौकशी के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम निरखी रोड के पास चन्दीपुर गांव के समीप चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हफीज पुत्र अफसर अली निवासी चन्दीपुर थाना जहानाबाद जनपद फतेहपुर, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी थाना जहानाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 80/2026 धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लोहे का चापड़ तथा लकड़ी का ठीहा बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना जहानाबाद में अब तक दो आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में थाना जहानाबाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।