IGRS शिकायतों के निस्तारण में शाहजहांपुर पुलिस ने बढ़ाई तेजी, एक दिन में 23 मामलों का मौके पर समाधान
IGRS शिकायतों के निस्तारण में शाहजहांपुर पुलिस ने बढ़ाई तेजी, एक दिन में 23 मामलों का मौके पर समाधान
शाहजहांपुर। जनशिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण को लेकर शाहजहांपुर पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर श्री एस. आनंद के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया। अभियान के दौरान जिले भर में कुल 23 शिकायतों का समाधान कराया गया।
पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा की जा रही है। सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतकर्ताओं के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराएं।
अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों की सुनवाई कर रहे हैं। पुलिस टीमों द्वारा शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर स्थानीय निरीक्षण, दोनों पक्षों से बातचीत और फीडबैक लेकर समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस पहल से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समस्याओं का समाधान अधिक पारदर्शी व प्रभावी तरीके से हो सकेगा।