logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध बूचड़खाने पर दबिश, 11 मवेशी मुक्त

सिवनी। जिले में गौवंश अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बूचड़खाने पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 11 मवेशियों को मुक्त कराया, पशु वध में प्रयुक्त हथियार और सामग्री जब्त की तथा एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। वहीं नगर पालिका द्वारा बूचड़खाने को सील कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी श्री सचिन परते के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हड्डी गोदाम स्थित टीपू सुल्तान चौक के पास अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित किया जा रहा है और वहां मवेशियों को क्रूरतापूर्वक रखा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्री सतीश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पशु चिकित्सा विभाग, राजस्व अमले और नगर पालिका के साथ संयुक्त दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान मौके से 11 मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने पशु वध में उपयोग किए जाने वाले बका, रस्सियां, लकड़ी की दूंठ, लोहे के एंगल सहित अन्य सामग्री जब्त की। वहीं संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पशु चिकित्सा विभाग की जांच में कुछ मवेशी बीमार पाए गए तथा सभी जानवरों को बिना चारे-पानी के खराब हालत में रखा गया था। बाद में नगर पालिका के वाहन से सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेजा गया।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही हिरासत में लिए गए संदिग्ध से नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है।

एसपी श्री कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि गौवंश अपराधों पर सिवनी पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। बकरीद पर्व को देखते हुए जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि गौवंश तस्करी या अवैध वध की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाने में दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और 5000 रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी एवं उनकी टीम के साथ पशु चिकित्सा विभाग, राजस्व और नगर पालिका अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

16
1019 views

Comment