logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बकरीद पर अलर्ट रही शाहजहांपुर पुलिस, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई नमाज

शाहजहांपुर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व पर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और व्यापक इंतजामों के बीच गुरुवार को जनपद की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अदा की गई। अधिकारियों ने लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, ईदगाहों और मस्जिदों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और सोशल मीडिया सेल के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जाती रही।

नगर क्षेत्र में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर ने विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी पुवायां ने पुवायां एवं सिंधौली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस बल को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने मिर्जापुर क्षेत्र की ईदगाहों और मस्जिदों का निरीक्षण कर स्थानीय संभ्रांत लोगों एवं धर्मगुरुओं से संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। क्षेत्राधिकारी यातायात ने रोजा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभाली और नमाज स्थलों के आसपास पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराई।

इसके अलावा सदर, तिलहर और पुवायां क्षेत्र के अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रही।

पूरे जनपद में बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ सकुशल संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने और सौहार्द कायम रखने की अपील की है।

9
929 views

Comment