07 वर्षों से एक ही जगह जमे हैं परियोजना अधिकारी, विधायक प्रतिनिधि ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर भटगांव का प्रभार हटाने की मांग की
सारंगढ़-बिलाइगढ़। जिला अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रशासनिक कसावट और कार्यों में पारदर्शिता लाने की मांग को लेकर अब जनप्रतिनिधि भी मुखर होने लगे हैं। बिलाईगढ़ विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि (आदिम जाति कल्याण/आदिवासी विभाग) उज्जैन रात्रे ने जिले की कलेक्टर महोदया को एक लिखित पत्र सौंपकर एकीकृत बाल विकास परियोजना बिलाइगढ़ के परियोजना अधिकारी के पास मौजूद अतिरिक्त प्रभारों को हटाने और प्रशासनिक फेरबदल करने की मांग की है।
एक ही अधिकारी के पास 3 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जिम्मा
विधायक प्रतिनिधि उज्जैन रात्रे द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए पत्र के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना बिलाइगढ़ में श्री तेजस्वी ध्रुव वर्ष 2019 से (लगभग 7 वर्षों से) परियोजना अधिकारी के पद पर लगातार पदस्थ हैं।
इतना ही नहीं, बिलाईगढ़ के साथ-साथ जिले की दो अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं — परियोजना कोसीर और परियोजना भटगांव का भी अतिरिक्त प्रभार उन्हीं के पास है।
विभागीय और प्रशासनिक कार्य हो रहे प्रभावित
पत्र में गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए बताया गया है कि इस तरह एक ही परियोजना अधिकारी के पास 03 अलग-अलग कार्यालयों का प्रभार होने के कारण विभागीय और प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से नहीं चल पा रहे हैं। सभी कार्यालयों में मॉनिटरिंग और मैदानी कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे आम जनता और योजनाओं के हितग्राहियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डिप्टी कलेक्टर या तहसीलदार को भटगांव का प्रभार देने की मांग
विधायक प्रतिनिधि ने जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से कलेक्टर से मांग की है कि:
वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए परियोजना कार्यालय भटगांव का संपूर्ण प्रभार तत्काल बदला जाए।
भटगांव परियोजना की जिम्मेदारी जिले के किसी डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार या नायब तहसीलदार भटगांव को सौंपने की कृपा की जाए, ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके।
इस पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है, जिस पर विभाग और जिला प्रशासन आगामी दिनों में क्या रुख अपनाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट: आइमा मीडिया