logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खड़गपुर से घाटशिला तक जीएम का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, सांसद विद्युत वरण महतो के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक

घाटशिला : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को खड़गपुर स्टेशन से घाटशिला स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे संरचना, परिचालन व्यवस्था तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ, सिग्नल व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
इस निरीक्षण यात्रा में खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय सहित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय एवं मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महाप्रबंधक को विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
घाटशिला पहुंचने के बाद महाप्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्लेटफॉर्म उन्नयन, सौंदर्यीकरण, प्रतीक्षालय, स्वच्छता व्यवस्था तथा आधुनिक सुविधाओं को लेकर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके बाद घाटशिला में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश चरण, डीआरएम खड़गपुर ललित मोहन पांडेय, डीआरएम चक्रधरपुर तरुण हुरिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, ट्रेनों के परिचालन, स्टेशन विकास और प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद विद्युत वरण महतो ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार, स्टेशन परिसरों में बेहतर व्यवस्था तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप नई सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सांसद ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों में रेल यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यात्री सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने और यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।
महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने कहा कि दक्षिण पूर्व रेलवे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत कई स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है और भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के बाद महाप्रबंधक और सांसद ने संयुक्त रूप से घाटशिला में प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण तथा यात्री सेवाओं में सुधार को लेकर जानकारी साझा की।

1
77 views

Comment