कलेक्टर ने की वर्षा ऋतु एवं रबी सीजन सिंचाई की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने की वर्षा ऋतु एवं रबी सीजन सिंचाई की तैयारियों की समीक्षा
नहर सुधार एवं बांधों के गेट मरम्मत के दिए निर्देश
-----
जबलपुर संभाग की डिंडौरी जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष डिण्डौरी में वर्षा ऋतु एवं रबी सिंचाई के पूर्व की तैयारियों के संबंध में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालन यंत्री श्री एस.के. शर्मा, सहायक यंत्री श्री अमित कुमार उइके, अनुविभागीय अधिकारी श्री एन. देशमुख, श्री सी.बी. ठवरे, श्री शुभम तिवारी, उपयंत्री श्री हर्षित भोजक, श्री सेनेन्द्र कुमार धुर्वे, श्री प्रिंस जैन, श्री सकेत कछवाहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
14 मई 2026 की बैठक में भारतीय किसान संघ की मांग के अनुसार समीक्षा में कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग ने जानकारी दी कि जिला डिण्डौरी में एक बिलगांव मध्यम सिंचाई परियोजना तथा 97 लघु सिंचाई योजनाएं संचालित हैं, जिनमें 75 बांध एवं 22 एनिकट, डायवर्सन और सॉलिड वियर शामिल हैं।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने निर्देश दिए कि वर्षाकाल पूर्व नहरों में आवश्यक सुधार एवं साफ-सफाई कार्य किसान संघ के पदाधिकारियों के समन्वय से समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए, जिससे किसानों को सिंचाई सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
बैठक में सिंचाई योजनाओं के स्लूस गेट एवं नहरों के हेड रेग्यूलेटर की मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि आगामी सिंचाई सत्र में गेट संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
नहरों के मरम्मत एवं पक्कीकरण प्रस्तावों की समीक्षा के दौरान कार्यपालन यंत्री द्वारा बताया गया कि लघु सिंचाई योजनाओं के नहर सुधार एवं पक्कीकरण के लिए विभिन्न प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु वरिष्ठ कार्यालय भेजे गए हैं। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए जिनसे किसानों को तत्काल सिंचाई लाभ प्राप्त हो सके। साथ ही दनदना, कुकर्रा, चौरा, नागदमन एवं राछो जलाशयों की नहर मरम्मत कार्यों की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh
#JansamparkMP #jabalpur