गंगा दशहरा पर धोपाप धाम में सेवा कार्यों की मिसाल, अखण्ड योगदान एसोसिएशन ने किया शरबत वितरण
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 26 मई 2026 को धोपाप पवित्र तीर्थ स्थल पर गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की सेवा हेतु अखण्ड योगदान एसोसिएशन, सुल्तानपुर की टीम द्वारा शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए टीम के सदस्य एक दिन पूर्व ही स्थल पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने में जुट गए थे।
कार्यक्रम के दिन प्रातः 7 बजे से ही टीम के सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहे। उन्होंने गंगा स्नान कर मेले में सहभागिता की तथा पूरे क्षेत्र में सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं के बीच व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
इसी क्रम में ग्राम प्रधान श्री सुभाष सोनकर द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, विश्राम एवं जलपान की समुचित व्यवस्था कराई गई, जिसकी उपस्थित जनों एवं प्रशासन द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। साथ ही अखण्ड योगदान एसोसिएशन द्वारा आयोजित शरबत वितरण कार्यक्रम में उन्होंने सक्रिय सहभागिता करते हुए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इस सेवा-भाव एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति, लखनऊ एवं गया मंडल के वरिष्ठ जेल विजिटर श्री अमरभारत सिंह द्वारा संस्था के संस्थापक श्री ओम कुमार वर्मा को माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा करते रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अखण्ड योगदान एसोसिएशन, सुल्तानपुर के कोषाध्यक्ष श्री सागर वर्मा, दरियापुर कोर दल के संस्थापक एवं एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी श्री विकास राज, अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन सुल्तानपुर के जिला उपाध्यक्ष श्री दिनेश कुमार, सचिव प्रतिनिधि श्री राजकुमार सोनकर तथा साहपुर ग्राम के प्रधान श्री शुभम सोनकर सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने के साथ-साथ सामाजिक एवं अपराध निरोधक गतिविधियों को एक नई दिशा प्रदान की।
इस अवसर पर अखण्ड योगदान एसोसिएशन, सुल्तानपुर के संस्थापक श्री ओम कुमार वर्मा ने कहा कि यदि छोटे-छोटे सामाजिक संगठन एकजुट होकर किसी कार्यक्रम को संपन्न करें, तो वह अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और सफल बनता है। उन्होंने सभी से मिलकर समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्था के इस प्रयास को अत्यंत सराहनीय बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।