बकरीद को लेकर कानपुर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च
कानपुर। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस कानपुर नगर द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल डॉ. अर्चना सिंह के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त सीसामऊ, थाना सीसामऊ, बजरिया, चमनगंज पुलिस तथा RAF बल द्वारा मिश्रित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। लगभग 4 किलोमीटर तक चले इस मार्च में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित करने, अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।