logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ईद-उल-अजहा को लेकर बदायूं प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने सहसवान में किया पैदल मार्च

रिपोर्टर: देव ठाकुर बिल्सी/बदायूं

बदायूं। आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से थाना सहसवान क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसएसपी ने सहसवान के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार तथा अन्य भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। वहीं एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार गश्त करने तथा सोशल मीडिया पर भी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके। इस दौरान ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ह्रदेश कठेरिया, सहसवान उपजिलाधिकारी रिपुदमन सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। संवाद

15
869 views

Comment