logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

फर्जी दस्तावेजों पर बजाज फाइनेंस से लाखों की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

*फर्जी दस्तावेजों पर बजाज फाइनेंस से लाखों की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार*

शाहगंज, जौनपुर।
फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित पहचान पत्रों के जरिए बजाज फाइनेंस कंपनी से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों का चालान न्यायालय भेज दिया है। मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार बजाज फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक दुश्यंत कुमार त्रिपाठी निवासी गोरखपुर ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि कंपनी द्वारा महिलाओं को लघु व्यवसाय के लिए दिए गए कई लोन खातों की किस्तें जमा नहीं हो रही थीं। जांच के दौरान संदेह होने पर मामले की पड़ताल की गई तो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन लेने का बड़ा खेल सामने आया।
जांच में पता चला कि कई महिलाओं के नाम पर फर्जी एवं कूटरचित निर्वाचन पहचान पत्र लगाकर लोन स्वीकृत कराए गए थे। पुलिस के मुताबिक पूजा, राधा देवी, गुलाबी, मीरा कुमारी, शकुन्तला और निशा गौतम समेत कई महिलाओं के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी वोटर आईडी के जरिए लोन लिया गया। कुल 262 लोन खातों में फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग कर बजाज फाइनेंस कंपनी से भारी धनराशि हड़प ली गई।
पुलिस जांच में बजाज फाइनेंस के तत्कालीन सेंटर मैनेजर हिमांशु उपाध्याय, उसके सहयोगी अखिलेश कुमार तथा एक अन्य महिला की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आई। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
रविवार को प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह एवं उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय की टीम ने वांछित आरोपी हिमांशु उपाध्याय निवासी बारदेवा थाना गड़वार जनपद बलिया तथा अखिलेश कुमार निवासी बड़ागांव थाना शाहगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

0
88 views

Comment