मेरठ: गांधी बाग पार्क में बड़े मंगलवार पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
मेरठ: चौथा बड़े मंगलवार (बुढ़वा मंगल) के पावन अवसर पर 26 मई 2026 को देवाशीष योग ट्रस्ट एवं गांधी बाग योग परिवार के संयुक्त तत्वावधान में गांधी बाग पार्क में विशाल सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं 108 बार राम-राम नामजप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व ब्राह्मण/पंजाबी पुत्र कर्मयोगी आशीष शर्मा ने किया। प्रातःकाल से ही पार्क भक्तिमय वातावरण से भर गया, जहाँ बड़ी संख्या में योग साधक, सामाजिक कार्यकर्ता, सनातन प्रेमी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित हुए।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और राम-राम नामजप कर वातावरण को पूर्ण रूप से आध्यात्मिक बना दिया। कर्मयोगी आशीष शर्मा ने बड़ा मंगल के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को समझाते हुए बताया कि ज्येष्ठ मास के मंगलवार अत्यंत शुभ माने जाते हैं, क्योंकि इस समय भगवान राम और हनुमान जी का मिलन हुआ था। उन्होंने कहा कि राम नाम आत्मा को परमात्मा से जोड़ने वाला दिव्य सेतु है। इस आयोजन में भूपेन्द्र काके, राजीव खेड़ा, अमित अग्रवाल, सतीश कुमार सैनी, संजीव सरीन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना एवं राष्ट्र कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।