सड़क किनारे फैली गंदगी ने खोली स्वच्छता अभियान की पोल
महराजगंज। विकास खंड निचलौल ग्राम सभा करवतही उर्फ कटका. ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। सड़क किनारे बने कूड़ा संग्रह केंद्र के पास भारी मात्रा में फैली गंदगी और प्लास्टिक कचरा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर न रखकर बाहर ही फेंका गया है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। खुले में पड़े कचरे से दुर्गंध फैलने के साथ-साथ संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है। वहीं राहगीरों और ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते व्यवस्था धरातल पर दम तोड़ती नजर आ रही है। कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क किनारे और खेतों के पास गंदगी का अंबार लग रहा है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर कितनी गंभीरता दिखाता है और क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।