बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक से मिले कैंट विधायक अमित अग्रवाल - क्षेत्र की विधुत समस्याओं पर की चर्चा
मेरठ - कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक के साथ बैठक कर मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विद्युत समस्याओं से अवगत कराया। बैठक में विशेष रूप से आर.डी.एस.एस. (Revamped Distribution Sector Scheme) के अंतर्गत बदले गए विद्युत तारों का कार्य अधूरा होने तथा लगाए गए तारों के बार-बार फुंकने की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही क्षेत्र में खुले एवं नंगे तारों को शीघ्र कवर किए जाने की मांग की गई।
विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि विभाग द्वारा बिजनेस प्लान तैयार करते समय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से फीडबैक लिया जाना चाहिए, जिससे क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने गर्मी के मौसम को विद्युत विभाग के लिए आपातकालीन अवधि बताते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने तथा उपभोक्ताओं को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
बैठक में सड़क पर गलत तरीके से लगे विद्युत पोलों को शिफ्ट करने, बढ़ते विद्युत भार के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा आवश्यक स्थानों पर बड़े ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्यों में विद्युत पोल बाधा बन रहे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
विधायक अमित अग्रवाल ने यह भी मांग की कि मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र में अनावश्यक विद्युत कटौती न की जाए तथा उपभोक्ताओं को पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को भीषण गर्मी में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं को देखते हुए मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र में तीन नए बिजली घर स्थापित किए जाने की मांग भी प्रबंध निदेशक के समक्ष रखी गई, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके तथा मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र को बिजली समस्याओं से मुक्त बनाया जा सके।