logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बेगूसराय: अवैध खनन की सूचना के बाद युवक को धमकी, नौला पिकेट प्रभारी पर लापरवाही का आरोप


Begusarai के बीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौला पंचायत में अवैध खनन, ट्रैक्टर माफिया और शराब माफिया के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने नौला पिकेट प्रभारी संजय कुमार सिंह पर गंभीर लापरवाही और कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार अवैध खनन की सूचना किसी अन्य व्यक्ति द्वारा दी गई थी, लेकिन धमकियां गौतम कुमार झा को मिलने लगीं। गौतम कुमार झा का कहना है कि उन्हें इस सूचना की जानकारी तक नहीं थी, इसके बावजूद अवैध खनन और ट्रैक्टर माफिया से जुड़े लोगों द्वारा फोन पर गाली-गलौज की गई तथा घर पर चढ़कर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल नौला पिकेट प्रभारी संजय कुमार सिंह को दी गई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि उस समय पुलिस की गाड़ी नौला चौक पर मौजूद थी और पुलिस पिकेट घटनास्थल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर था, इसके बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिकेट प्रभारी अपने कार्यों में लगातार लापरवाही बरतते हैं और अधिकतर समय अपने पिकेट क्षेत्र से बाहर रहते हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में खनन माफिया, ट्रैक्टर माफिया और शराब माफिया का मनोबल काफी बढ़ चुका है, जिसके कारण आम लोगों को धमकी, गाली-गलौज और भय का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शाम के समय जब गश्ती वाहन निकलता है तो पहले सायरन बजाया जाता है, जिससे अवैध कारोबार करने वालों को सतर्क होने और सामान छिपाने का मौका मिल जाता है। इसके बाद केवल औपचारिक छापेमारी की जाती है।
स्थानीय लोगों ने नौला एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते अपराध, अवैध खनन, शराब बिक्री और नशीले पदार्थों के खुलेआम कारोबार की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने नौला में लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने तथा दोषियों और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग प्रशासन से की है।

44
1441 views

Comment