बरगी नगर उप स्वास्थ्य केंद्र में खराब हालत, पेड़ के नीचे टीकाकरण जारी
बरगी नगर : बरगी नगर उप स्वास्थ्य केंद्र पिछले पांच दिनों से बिजली की व्यवस्था ठप होने के कारण गंभीर स्थिति में है। बिजली लाइन टूटने के कारण कनेक्शन बंद पड़ा है और गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं का टीकाकरण पेड़ के नीचे करना पड़ रहा है। एमपीडब्ल्यू मुकेश अवस्थी ने बताया कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों से बार-बार अनुरोध के बावजूद अभी तक सुधार कार्य नहीं हुआ है, जिससे मरीजों और स्टाफ को भारी परेशानी हो रही है।
स्वास्थ्य केंद्र में केवल एमपीडब्ल्यू और सीएचओ के भरोसे सेवाएं संचालित हो रही हैं। भीषण गर्मी और नौतपा के बीच बिना बिजली स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। विभाग द्वारा लगभग 2 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से नया अस्पताल भवन तैयार किया गया है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण वह बंद पड़ा है और जनता उसका लाभ नहीं ले पा रही है। बरगी नगर के अलावा गगंदा, घुल्लापाठ, मगरधा, नई बस्ती, सालीवाड़ा, बिंझा, खामखेड़ा, मिड़की, कठौतिया, बढ़ैयाखेड़ा समेत आसपास के गांवों की स्वास्थ्य सेवाएं भी इसी केंद्र पर निर्भर हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल डॉक्टर, पैथोलॉजी स्टाफ, डिलीवरी सुविधा एवं पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इस क्षेत्र में लगभग 10 हजार की आबादी के लिए तीन कर्मचारियों पर स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी है।