वाराणसी: अमृत सरोवर में युवक की डूबने से मौत
वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र के औरा गांव स्थित अमृत सरोवर में मंगलवार सुबह प्रेमचंद अग्रहरि (26) पुत्र मुरारी अग्रहरि नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। लगभग दो घंटे की खोजबीन के बाद सुबह 9 बजे उनका शव तालाब से बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रेमचंद की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, उनकी विधवा मां, बड़े भाई और भाभी अत्यंत दुखी हैं। बताया गया कि कुछ वर्ष पहले उनका पत्नी से अलगाव हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। गांव में भी इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल है।