मैनपाट: बहू ने 90 वर्षीय सास को पीठ पर बैठाकर 9 किमी दूर पेंशन दिलाई...
सूरजपुर/मैनपाट: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में एक बहू ने अपनी 90 वर्षीय वृद्ध सास को पीठ पर बैठाकर लगभग 9 किलोमीटर दूर नर्मदापुर स्थित सेंट्रल बैंक तक पेंशन दिलाने के लिए कठिन रास्तों से पैदल सफर तय किया। इस दौरान उन्होंने पहाड़ी और कच्चे रास्तों से होकर जाना पड़ा, जहां वाहन सुविधा उपलब्ध नहीं थी। यह घटना स्थानीय लोगों के दिल को छू गई है और बहू के त्याग व सेवा भावना की व्यापक सराहना की जा रही है।
मैनपाट के कुनिया गांव की यह महिला अपनी सास की देखभाल और सेवा के लिए प्रेरणास्पद उदाहरण पेश कर रही है। गांव के लोग इस बहू के कार्य को समाज के लिए एक संदेश मानते हुए प्रशासन से परिवार की सहायता की मांग कर रहे हैं। यह घटना पारिवारिक संस्कार, सेवा और मानवता की जीवंत मिसाल के रूप में देखी जा रही है।