तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, 6 की मौत, 24 घायल
बड़ी खबर
उन्नाव में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से गोरखपुर जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर बस औरास थाना क्षेत्र के नींभाखेड़ा गांव के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बस अचानक अंडरपास के पास डिवाइडर से टकराई और कई बार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों में कई यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।