पुलिस जीप की टक्कर से किसान की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
बेगूसराय: लाखो थाना क्षेत्र के गुप्ता-लखमीनिया बांध स्थित वाजितपुर ढाला के समीप शुक्रवार रात डायल-112 पुलिस जीप की टक्कर से बाइक सवार किसान रामाशीष भगत की मौत हो गई। मृतक मटिहानी थाना क्षेत्र के मनियप्पा गांव के निवासी थे और सब्जी की खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि वह खाटोपुर मंडी से सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही पुलिस जीप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस वाहन बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल रामाशीष को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय पर अस्पताल पहुंचाती तो उनकी जान बच सकती थी। परिवार वालों के अनुसार रामाशीष परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोषी
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सदर एसडीपीओ-1 आनंद कुमार पांडेय और ट्रैफिक डीएसपी रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। ग्रामीणों के दबाव पर पुलिस ने टावर लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद डायल-112 की गाड़ी तेज रफ्तार में मटिहानी की ओर निकल गई थी। देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।