रायसेन में वित्तीय अनियमितताओं पर पंचायत सचिव रीतेश यादव निलंबित
रायसेन: जनपद पंचायत सांची के कोटरा और सिरसौदा ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में पाया गया कि सचिव रीतेश यादव ने बिना बिल-वाउचर के लाखों रुपये का भुगतान किया और कई रिकॉर्ड गायब थे। कोटरा में ₹15,000 की लागत के दो कूलर के बिल का भुगतान किया गया लेकिन केवल एक कूलर मिला। सिरसौदा पंचायत में तो कूलर ही नहीं मिला, जबकि ₹15,000 का भुगतान किया गया था। वाउचर नस्ती की जांच में कई जगह कोरे कागज लगाए गए और ₹2,45,550 की राशि मनमाने तरीके से कैशबुक में दर्ज पाई गई।
सिरसौदा पंचायत में विज्ञापन और मोबाइल चार्जिंग के बिल नियम विरुद्ध पाए गए। कोटरा पंचायत में सरकारी मोटर निजी बोरवेल में लगाने की जानकारी मिली। सफाई कार्यों के नाम पर ₹1,47,000 की राशि वसूली योग्य घोषित हुई। नल-जल योजना के आय-व्यय का कोई हिसाब-किताब नहीं मिला। इस गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के चलते जिला पंचायत रायसेन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सचिव रीतेश यादव को निलंबित कर मुख्यालय जनपद पंचायत सांची नियत किया है। नए सचिव के लिए तीन दिनों में प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।