महेंद्रगढ़ में आज सुबह पुलिस और अंतरराज्यीय पारदी गुलेल गैंग के बदमाशों में मुठभेड़ हो गई...
महेंद्रगढ़ में आज सुबह पुलिस और अंतरराज्यीय पारदी गुलेल गैंग के बदमाशों में मुठभेड़ हो गई, और इस दौरान पुलिस की टीमों ने गैंग के 7 बदमाशों को दबोच लिया, जिनमें से 2 बदमाशों को गोली भी लगी है. जिला पुलिस द्वारा महेंद्रगढ़ में कानून व्यवस्था को सुदृढ बनाने के लिए अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत एसपी दीपक के नेतृत्व में आज सीआईए नारनौल, सीआईए महेंद्रगढ़ और थाना शहर पुलिस की संयुक्त टीमों ने महेंद्रगढ़ कोर्ट के नजदीक हुडा सेक्टर में बदमाशों का एनकाउंटर किया, और इस दौरान इनामी बदमाश समेत 7 को धर दबोचा. पारदी गुलेल गैंग के बदमाश पिछले काफी समय से विभिन्न क्षेत्रों में लूटपाट, डकैती और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे, जिसकी वजह से इस गैंग के बदमाश पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बन गए थे. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महेंद्रगढ़ शहर में कुछ संदिग्ध कच्छाधारी किसी संगीन अपराध को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं, जिसके बाद सीआईए और थाना शहर की संयुक्त टीमों का गठन कर बदमाशों को घेर लिया गया, और मुठभेड़ के दौरान 7 बदमाशों को काबू किया गया. बता दें कि, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीराम, अभय, अर्जुन, विरेन्द्र, सुनील, चांद और विजय के रूप में हुई है.