NEET-UG 2026 परीक्षा शुल्क रिफंड लिंक शुरू, 27 मई तक करें आवेदन
नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रद्द की गई NEET-UG 2026 परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 27 मई 2026 तक अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कर रिफंड प्राप्त कर सकते हैं।
एनटीए द्वारा जारी सूचना के अनुसार रिफंड लिंक को सीधे NEET-UG 2026 के रजिस्ट्रेशन पोर्टल में जोड़ा गया है। अभ्यर्थियों को अपने आवेदन नंबर और लॉगिन क्रेडेंशियल के माध्यम से पोर्टल में प्रवेश कर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
रिफंड प्राप्त करने के लिए छात्रों को बैंक खाता धारक का नाम, बैंक का नाम, अकाउंट नंबर और IFSC कोड भरना अनिवार्य होगा। इसके अलावा सत्यापन के लिए कैंसिल चेक की स्कैन कॉपी अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जमा की गई बैंक जानकारी को अंतिम माना जाएगा और बाद में किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए छात्रों को सभी जानकारी सावधानीपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।
महत्वपूर्ण तिथियां
● रिफंड आवेदन की अंतिम तिथि: 27 मई 2026, रात 11:50 बजे तक
● NEET-UG 2026 री-एग्जाम: 21 जून 2026
● समय: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा को कथित प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद सीबीआई ने जांच शुरू की।
जांच एजेंसियों के अनुसार कुछ लोगों ने परीक्षा सुरक्षा में सेंध लगाकर प्रश्नपत्र पहले ही हासिल कर लिया था और उसे उम्मीदवारों को बेचा गया। अब तक इस मामले में 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एनटीए ने अभ्यर्थियों से परीक्षा और रिफंड से जुड़ी हर नई जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करने की अपील की है।