जालंधर में तेज रफ्तार कार का भीषण सड़क हादसा
जालंधर: पंजाब के जालंधर में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर संविधान चौक के पास सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकराई और बीच सड़क पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर कांच के टुकड़े बिखर गए। पीछे से आ रही एक अन्य कार भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गई। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर PB 29 Q 0005 बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पीसीआर टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया और सड़क को खाली करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था।