सहारनपुर में कैराना सांसद इकरा हसन पर FIR दर्ज, DIG दफ्तर के बाहर चक्का जाम करने का आरोप
यह पूरा मामला शामली जिले के जसाला गांव के रहने वाले मोनू कश्यप की हत्या से जुड़ा है, जिसके बाद पीड़ित परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा था। इसी सिलसिले में 19 मई को सांसद इकरा हसन मृतक की रोती हुई मां और अपने समर्थकों के साथ सहारनपुर स्थित डीआईजी (DIG) कार्यालय पहुंची थीं। सांसद का आरोप है कि वहां उनकी उचित सुनवाई नहीं हुई, जिसके विरोध में वे कार्यालय के बाहर सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं, जहां उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई। इस घटनाक्रम के बाद सिविल लाइन चौकी प्रभारी की तहरीर पर सहारनपुर के सदर बाजार थाने में इकरा हसन, पूर्व राज्य मंत्री मांगेराम कश्यप सहित 6 नामजद और 20 से 25 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने उन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सड़क जाम कर यातायात प्रभावित करने का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं। इस घटना के दौरान पुलिस और सांसद के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस मामले के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और तनाव काफी बढ़ गया है।