logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

दाता पीर बख्श शाह का दो दिवसीय सालाना उर्स आज से, सजेगा भव्य जलसा; कल होगा कव्वाली मुकाबला

​हुसैनगंज/हैदरनगर: हजरत दाता पीर बख्श शाह रहमतुल्लाह अलैह का दो दिवसीय सालाना उर्स शनिवार से बेहद अकीदत और उत्साह के साथ शुरू हो रहा है। गंगा-जमुनी तहजीब के प्रतीक माने जाने वाले इस उर्स को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मजार शरीफ को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पूरा परिसर रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा उठा है। यह आयोजन क्षेत्र में हिंदू-मुलिम एकता और सामाजिक सौहार्द की एक अनूठी मिसाल पेश करता है।
​चादरपोशी से होगा उर्स का आगाज़
​उर्स कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार की शाम को पारंपरिक चादरपोशी के साथ होगी। उर्स के पहले दिन यानी 23 मई को एक भव्य जलसे का आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामयी जलसे में देश के कोने-कोने से नामचीन मौलाना और उलमा-ए-किराम तशरीफ ला रहे हैं, जो अपने बयानात से अकीदतमंदों को नवाजेंगे।
​कल बाबू गुलाम साबरी और तनवीर इंडियम के बीच होगा कव्वाली मुकाबला
उर्स के दूसरे दिन, यानी 24 मई को एक शानदार सूफियाना कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के मशहूर कव्वाल बाबू गुलाम साबरी और मशहूर कव्वाला तनवीर इंडियम अपनी कला का शानदार प्रदर्शन करेंगे। सुरों की इस जंग को सुनने के लिए इलाके के कव्वाली प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
​25 वर्षों से लगातार हो रहा है आयोजन
​आपको बता दें कि हैदरनगर थाना क्षेत्र के बलडिहारी गांव निवासी इब्राहिम सेठ के सौजन्य से पिछले 25 वर्षों से इस कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
​इस वर्ष कव्वाली कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव, पूर्व प्रत्याशी शेर अली और नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती संयुक्त रूप से करेंगे।
​आयोजन समिति की सक्रियता
​इस भव्य आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए उर्स कमेटी पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। कमेटी के अध्यक्ष एजाज हुसैन उर्फ छेदी खान, संयोजक इब्राहिम सेठ, संरक्षक डॉक्टर एजाज आलम और मुखिया नवाजिश खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से व्यवस्था संभालने में लगे हुए हैं।

0
122 views

Comment