logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री और NTA चेयरमैन का फूंका पुतला, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

NEET 2026 पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए गुरुवार शाम झालावाड़ जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मूर्ति चौराहे पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा NTA चेयरमैन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और NTA चेयरमैन का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
‘22 लाख छात्रों का टूटा भरोसा’
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि NEET परीक्षा में हुई धांधली ने देशभर के करीब 22 लाख छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि NTA और केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण आज मेहनती और मेधावी छात्र सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए हैं।

वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि यह सिर्फ एक पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि युवाओं के भविष्य की हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी


कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा नहीं दी, तो कांग्रेस इस आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाएगी।

कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान “युवा विरोधी सरकार”, “छात्रों को न्याय दो” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लगाए। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और प्रभावित छात्रों को तत्काल न्याय दिलाने की मांग भी उठाई गई।


मूर्ति चौराहे पर जुटी भारी भीड़



प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष रघुराज सिंह हाडा, पूर्व विधायक स्नेहलता आर्य, ब्लॉक अध्यक्ष पूरी लाल दांगी, सेवादल अध्यक्ष डॉ. नंद सिंह राठौड़, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. जी.एम. सैयद, महिला अध्यक्ष वर्षा शर्मा, राजेंद्र शर्मा, कांग्रेस नेता संजय दांगी, रमेश पालीवाल, नसरु खान, रोड सिंह कुंडीखेड़ा, अंबेश मीणा, रईस पठान, ओम पाठक, नफीस शेख, फारूक अहमद, लक्ष्मी नारायण दांगी, बालकिशन यादव, लखन चौहान, मोहम्मद खालिद, राधेश्याम दांगी, आरम पठान, कैलाश चंद यादव, नंदलाल राठौर, करुणा देवी, दीपक मीणा, हसन रजा, दीपू पाटीदार, भगवती प्रकाश, सत्यनारायण सुमन, तालिब बोहरा, जानकीलाल पाटीदार, लालचंद रैगर, पृथ्वीराज, मुकेश कुमार, राजेंद्र मराठा, गोविंद गुर्जर, तौसीफ गोरी, इरफान अली, विजय सिंह, शेख मुश्ताक, ओमप्रकाश जोशी, सीताराम शर्मा और विष्णु दांगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


छात्रों के समर्थन में कांग्रेस की एकजुटता


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है और सरकार इस पर नियंत्रण पाने में नाकाम साबित हो रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा फिर से कायम हो सके।
Aima media jhalawar

10 views

Comment
  • Mahesh Pandit

    Congresh raj me bharstachar our pepar lik jarada hote thei...Congresh apane atit me jhakar dekhe ...kis muh se pradashan kar rahe hai...satta pane ka jhuta natak........