बिजली संकट से परेशान कपाली के उपभोक्ता, बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने पर विभाग के खिलाफ नाराजगी
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में बिजली व्यवस्था चरमराने से लोगों में भारी नाराजगी है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली बाधित रहने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित कामकाज, पढ़ाई-लिखाई और व्यवसाय पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग नियमित जांच अभियान चलाकर उपभोक्ताओं से जुर्माना वसूलता है, लेकिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में गंभीर पहल नहीं करता। क्षेत्र में बढ़ती बिजली खपत के बावजूद पुराने 100 केवी ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ने से बार-बार खराबी की समस्या उत्पन्न हो रही है।
ताजा मामला वार्ड संख्या 16 के डांगरडीह स्थित मजार के पास का है, जहां लगा 100 केवी ट्रांसफार्मर 19 मई को अचानक खराब हो गया। सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग ने 20 मई की रात नया ट्रांसफार्मर लगाया। हालांकि अगले दिन दोपहर करीब तीन बजे ट्रांसफार्मर चालू करते ही उसका एचटी कटआउट खराब हो गया। विभाग के मिस्त्री मौके पर पहुंचकर उसे ठीक कर लौट गए, लेकिन कुछ ही देर बाद नया ट्रांसफार्मर भी जल गया।
लगातार ट्रांसफार्मर खराब होने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने मांग की है कि क्षेत्र में अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बार-बार बिजली बाधित न हो और लोगों को राहत मिल सके।