logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रेस लिखे फर्जी वाहनों पर होगी कार्रवाई, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर: शहर में वाहनों पर “प्रेस” लिखकर घूमने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को लेकर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रेस क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मिला और ज्ञापन सौंपकर वास्तविक पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने तथा फर्जी प्रेस वाहनों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि हाल के दिनों में कई अवांछित तत्व और गैर-पत्रकार भी अपने वाहनों पर “प्रेस” लिखकर घूम रहे हैं। इससे न केवल पत्रकारिता की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि जिला प्रशासन और वास्तविक पत्रकारों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित फर्जी पत्रकार प्रेस की आड़ में धौंस जमाकर भयादोहन और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने प्रेस क्लब से जिले के सक्रिय और कार्यशील पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सूची प्राप्त होने के बाद प्रशासन प्रेस लिखे अवैध वाहनों की जांच कर उचित कार्रवाई करेगा। साथ ही प्रेस के नाम पर भयादोहन करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने तत्काल जिला परिवहन पदाधिकारी को ऐसे वाहनों की जांच का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी मीडिया संस्थानों से सक्रिय पत्रकारों की सूची लेकर प्रशासन को उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

इस दौरान प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो, राघवेंद्र शर्मा, रंगाधर नंदा, उमाशंकर दुबे समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।

1
91 views

Comment