logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विभिन्न पंचायतों में लगा श्रमिक निबंधन शिविर, असंगठित मजदूरों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

सरायकेला: जिले के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा विभिन्न पंचायतों में श्रमिक निबंधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को जिले के कई पंचायतों में विशेष शिविर लगाया गया।

शिविर का आयोजन राजनगर प्रखंड के धुरिपदा पंचायत, गम्हरिया प्रखंड के दुगनी पंचायत, खरसावां प्रखंड के कृष्णापुर पंचायत, चांडिल प्रखंड के झबरी पंचायत तथा सरायकेला प्रखंड के पठानमारा पंचायत में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में असंगठित क्षेत्र के श्रमिक पहुंचे और श्रमिक निबंधन प्रक्रिया में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को ई-श्रम निबंधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम सुरक्षा योजनाओं तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को बताया कि निबंधन के माध्यम से उन्हें विभिन्न सरकारी सुविधाओं और आर्थिक सहायता योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

श्रम विभाग के पदाधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर नियमित जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निबंधन प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का निबंधन उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

0
35 views

Comment