फतेहगंज पश्चिमी में स्मैक का काला कारोबार बेनकाब
72 ग्राम स्मैक संग दो तस्कर दबोचे, पूछताछ में कई बड़े नाम आने की चर्चा
फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बे में लंबे समय से चल रहे स्मैक के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ी चोट करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 72 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की चर्चा है, जिसके बाद अन्य तस्करों में भी खलबली मची हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा क्षेत्र के एक यात्री शेड के पास छापेमारी की। पुलिस ने मौके से कासिम पुत्र रफीक अहमद निवासी मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर 07 तथा जनीर अहमद पुत्र अमीर बख्श निवासी अहमद नगर नई बस्ती वार्ड नंबर 08 को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 72 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
पूछताछ में आरोपी कासिम ने कबूल किया कि वह सस्ती कीमत पर स्मैक खरीदकर युवाओं को ऊंचे दामों में बेचता था और इसी धंधे से अपनी रोजी चला रहा था। वहीं दूसरे आरोपी जनीर अहमद ने भी स्मैक तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में कुछ और नाम भी सामने आए हैं, जिनकी पुलिस गोपनीय तरीके से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल विकास कुमार और कांस्टेबल अक्षय कुमार शामिल रहे।
युवाओं को बना रहे थे नशे का शिकार
कस्बे में लगातार बढ़ रही स्मैक तस्करी को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मैक का जाल युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।