क्या सरकार किसी बड़ी अनहोनी का इंतज़ार कर रही है?
धौलाकुआ–बाईला सड़क की बदहाली से लोगों में भारी रोष, प्रयास सोसाइटी सचिव धीरज रमौल ने उठाई आवाज़
सिरमौर ज़िले की धौलाकुआ - बाईला सड़क पर खम्बा नगर के ऊपर सड़क की हालत लगातार बद से बदतर होती जा रही है। सड़क जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी है, गहरे गड्ढों और उखड़े हुए हिस्सों ने इसे लोगों के लिए जानलेवा बना दिया है। रोज़ाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, मरीज और आम लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि करीब एक महीने पहले ही इस सड़क पर पैचवर्क किया गया था, लेकिन थोड़े ही समय में सड़क फिर से बदहाल हो गई। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। सड़क का सर्वे भी हो चुका है और निर्माण कार्य का टेंडर भी जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इस सड़क को लेकर कई बार मीडिया के माध्यम से आवाज़ उठाई गई और संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी बातचीत की गई, लेकिन अब तक सरकार और विभाग की ओर से कोई ठोस और कड़ा कदम नहीं उठाया गया। लोगों के मन में अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर सरकार और विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतज़ार क्यों कर रहे हैं?
बरसात और खराब मौसम के दौरान यह सड़क और भी अधिक खतरनाक हो जाती है। आए दिन यहां छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान की दिशा में कोई गंभीर पहल दिखाई नहीं दे रही। केवल बार-बार पैचवर्क करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इस सड़क का मजबूत और टिकाऊ निर्माण बेहद जरूरी है।
प्रयास सोसाइटी के सचिव धीरज रमौल ने इस गंभीर विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए मीडिया के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री महोदय और पीडब्ल्यूडी मंत्री जी से अनुरोध किया है कि धौलाकुआ–बाईला सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य तुरंत शुरू करवाया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
प्रयास सोसाइटी सचिव धीरज रमौल ने कहा कि यदि समय रहते इस सड़क की सुध नहीं ली गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। अब देखना यह होगा कि सरकार और प्रशासन लोगों की इस गंभीर समस्या को कब तक अनदेखा करते हैं, या फिर किसी बड़ी अनहोनी से पहले इस सड़क की हालत सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं।