पश्चिमी सिंहभूम में "सबसे दूर सबसे पहले" अभियान के तहत संवाद-सह-सम्मान समारोह 23 मई को
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा जन भागीदारी अभियान “सबसे दूर सबसे पहले” के तहत पारंपरिक जनप्रतिनिधियों और आदिवासी समाज के मार्गदर्शकों के सम्मान में संवाद-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 23 मई 2026, शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे कोल्हान यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार कार्यक्रम में मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान, डाकुवा, दिउरी समेत विभिन्न पारंपरिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के पारंपरिक नेतृत्वकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना तथा उन्हें सम्मानित करना है।
आयोजन के माध्यम से प्रशासन आदिवासी संस्कृति, परंपरा और समाज के मार्गदर्शकों की भूमिका को मजबूत करने का संदेश देगा। जिला प्रशासन ने कहा है कि पारंपरिक व्यवस्था और जनसहभागिता के माध्यम से समृद्ध एवं सशक्त पश्चिमी सिंहभूम के निर्माण का संकल्प लिया जा रहा है।
आमंत्रण पत्र में सभी आमंत्रित अतिथियों से कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की गई है। जिला प्रशासन का मानना है कि समाज के पारंपरिक नेतृत्वकर्ताओं की भागीदारी से विकास योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।